World

यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर खत्म, शिकायतों के �


Meter System: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए इस व्यवस्था को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए अब सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मोड पर ही चलेंगे।

लोगों की परेशानी बनी वजह

पिछले कुछ समय से प्रदेश भर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। उपभोक्ताओं का कहना था कि इस सिस्टम में कई तकनीकी समस्याएं हैं, जिससे उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकार ने इसी असंतोष को देखते हुए यह फैसला लिया है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “उपभोक्ता देवो भव” है, यानी उपभोक्ता की सुविधा सबसे पहले है। इसलिए विभाग ने यह निर्णय लिया है कि अब सभी स्मार्ट मीटर सामान्य पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेंगे।

अब कैसे बनेगा बिजली बिल

नए फैसले के अनुसार, अब उपभोक्ताओं को हर महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक की खपत का बिल मिलेगा। यह बिल एसएमएस या व्हाट्सऐप के जरिए भेजा जाएगा और उपभोक्ताओं को उसे तय समय के भीतर जमा करना होगा। इससे पहले की तरह अब लोगों को पहले से रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी। बिल मिलने के बाद भुगतान करने की सुविधा फिर से लागू हो गई है।

बिजली कटौती पर भी राहत

सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी उपभोक्ता की बिजली महीने के भीतर नहीं काटी जाएगी। अगर किसी पर बकाया है, तो उसे 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा, उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपना मोबाइल नंबर अपडेट रखें, ताकि उन्हें समय पर बिल और अन्य जरूरी जानकारी मिलती रहे।

पुराने मीटर ही रहेंगे जारी

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अब पुराने मीटर भी काम करते रहेंगे। जिन घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें पोस्टपेड में बदल दिया जाएगा। साथ ही, नए स्मार्ट मीटर लगाने का काम फिलहाल रोक दिया गया है।

शिकायतों का होगा समाधान

सरकार ने यह भी कहा है कि जिन उपभोक्ताओं को पहले से लगे स्मार्ट मीटर से कोई समस्या है, उनकी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली सप्लाई को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी विभाग को दिए गए हैं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सरकार का आभार जताया

इस फैसले के बाद ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर फैसले लेती है।



Related Articles

Leave a Reply

Back to top button