
Electronic Gadgets: अक्सर लोग गर्मियों में सिर्फ एसी और कूलर को लेकर सतर्क रहते हैं, लेकिन घर में मौजूद कई दूसरे गैजेट्स भी उतने ही संवेदनशील होते हैं। अगर इनका सही तरीके से इस्तेमाल और समय-समय पर रखरखाव न किया जाए, तो बड़ा नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं उन 5 गैजेट्स के बारे में जिन्हें गर्मियों में खास सावधानी के साथ इस्तेमाल करना चाहिए।
फ्रिज की ओवरहीटिंग बन सकती है परेशानी
गर्मी के मौसम में फ्रिज लगभग लगातार चलता रहता है, जिससे उसका कंप्रेसर ज्यादा मेहनत करता है और गर्म हो जाता है। अगर फ्रिज दीवार से बिल्कुल सटाकर रखा गया है, तो पीछे की गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है।
इससे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी हो सकती है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि फ्रिज को दीवार से कम से कम 6 इंच की दूरी पर रखें और पीछे लगी कॉइल्स की नियमित सफाई करें।
स्मार्टफोन बैटरी को धूप से बचाएं
स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी गर्मी के प्रति बेहद संवेदनशील होती है। धूप में फोन छोड़ना, चार्जिंग के दौरान गेम खेलना या फोन को कार के डैशबोर्ड पर रखना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
इससे बैटरी फूल सकती है और आग लगने या ब्लास्ट का खतरा बढ़ सकता है। हमेशा ओरिजिनल चार्जर का इस्तेमाल करें और फोन को ठंडी जगह पर रखें।
पावर बैंक भी बन सकता है खतरा
आज के समय में पावर बैंक आम जरूरत बन चुका है, लेकिन गर्मियों में इसका गलत इस्तेमाल जोखिम पैदा कर सकता है। लंबे समय तक गर्म जगह पर रखने या ज्यादा चार्जिंग से इसकी बैटरी ओवरहीट हो सकती है।
खासकर लोकल और सस्ते पावर बैंक ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। इसलिए अच्छी क्वालिटी का पावर बैंक इस्तेमाल करें और इसे धूप या बंद गाड़ी में न छोड़ें।
इन्वर्टर बैटरी में रखें सावधानी
बिजली कटौती के दौरान इन्वर्टर का इस्तेमाल बढ़ जाता है। चार्जिंग के दौरान बैटरी से गैस निकलती है और अगर वेंटिलेशन ठीक न हो तो यह खतरनाक हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन्वर्टर को हमेशा हवादार और खुली जगह पर रखें। साथ ही बैटरी के पानी के स्तर की समय-समय पर जांच करते रहें।



