Pune में एक महिला ने रेस्टोरेंट के QR कोड मेन्यू सिस्टम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने QR मेन्यू के जरिए उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और बाद में उसे निजी संदेश भेजने शुरू कर दिए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर डेटा प्राइवेसी और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।
QR Menu स्कैन करने के बाद आने लगे मैसेज
रिशिका दत्ता नाम की महिला ने बताया कि वह 28 अप्रैल को एफसी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थीं। वहां उन्हें पेपर मेन्यू की जगह QR कोड दिया गया, जिसे स्कैन करके उन्होंने मेन्यू देखा।
रिशिका के मुताबिक, उसी रात एक अनजान नंबर से उन्हें मैसेज आने लगे। बाद में पता चला कि मैसेज भेजने वाला व्यक्ति उसी रेस्टोरेंट का कर्मचारी था। महिला का आरोप है कि कर्मचारी ने QR मेन्यू सिस्टम के जरिए उनका नंबर हासिल किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
रिशिका ने कथित चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इस घटना पर चिंता जताई, जबकि कुछ महिलाओं ने दावा किया कि उनके साथ भी ऐसे अनुभव हो चुके हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि QR मेन्यू सुविधाजनक जरूर हैं, लेकिन ग्राहक की निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या QR Menu सिस्टम सुरक्षित है?
आजकल कई रेस्टोरेंट QR कोड आधारित मेन्यू का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ सिस्टम में ग्राहक का मोबाइल नंबर और दूसरी जानकारी दर्ज होती है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर डेटा सुरक्षा मजबूत न हो, तो कर्मचारियों द्वारा जानकारी का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
फिलहाल Pune Police की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
डेटा प्राइवेसी नियमों की मांग तेज
घटना के बाद लोगों ने रेस्टोरेंट्स में डेटा सुरक्षा को लेकर सख्त नियम बनाने की मांग की है। यूजर्स का कहना है कि किसी भी ग्राहक की निजी जानकारी उसकी अनुमति के बिना इस्तेमाल नहीं की जानी चाहिए।
