World

देहरादून के पॉश अपार्टमेंट में चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ, पुलिस की आधी रात सर्जिकल स्ट्राइक – Doon Horizon


देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में छापेमारी कर एक हाईप्रोफाइल जुआ रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 3.10 लाख रुपये की नगदी बरामद की है।

देहरादून, 06 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी के कोतवाली नगर क्षेत्र में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सहारनपुर चौक स्थित एक निजी अपार्टमेंट में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर 18 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसएसपी देहरादून को मिली गोपनीय सूचना के बाद हुई इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ में पुलिस ने मौके से 3 लाख रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है।

अपार्टमेंट के तीसरे तल पर बिछी थी फड़

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। क्षेत्राधिकारी नगर स्वप्निल मुयाल के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में दबिश दी। पुलिस को मौके पर ताश के पत्तों और डाइस के जरिए लाखों का दांव लगाते हुए 18 लोग मिले, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

फ्लैट मालिक ही निकला मास्टरमाइंड

पूछताछ में सामने आया कि यह फ्लैट झंडा बाजार निवासी रोशन लाल बंसल का है। आरोपी अपने ही घर में अवैध रूप से जुए का अड्डा संचालित कर रहा था। वह न केवल बाहरी लोगों को बुलाकर जुआ खिलवाता था, बल्कि खुद भी इस खेल में शामिल रहता था। पुलिस ने मौके से 3,10,600 रुपये नगद, 4 गड्डी ताश और 20 डाइस बरामद किए हैं।

इन इलाकों के निवासी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ऋषिनगर, रायपुर, झंडा बाजार, तिलक रोड, ब्राह्मणवाला, नालापानी, चंदन नगर, लक्खीबाग, कावली रोड और करगी क्षेत्र के लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली नगर में धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।



Related Articles

Leave a Reply

Back to top button