
IAS Anjani Kumar Singh:अक्सर लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाते रहते हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो पाती। मगर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से आई एक खबर ने लोगों का सिस्टमa पर भरोसा बढ़ा दिया है। यहां पहली कक्षा में पढ़ने वाली एक छोटी बच्ची ने वीडियो बनाकर जिले के डीएम से अपने गांव की टूटी सड़क बनवाने की मांग की।
बच्ची ने बहुत ही मासूम अंदाज में कहा कि उसके घर के सामने की सड़क खराब है। बारिश में वहां पानी भर जाता है, जिससे स्कूल जाने में परेशानी होती है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
खुद बच्ची के घर पहुंचे डीएम
लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने वीडियो देखने के बाद मामले को गंभीरता से लिया। वह खुद बच्ची के घर पहुंचे। अपने घर के आंगन में डीएम को देखकर बच्ची और उसके परिवार वाले हैरान रह गए। डीएम ने बच्ची से प्यार से बात की और उसे चॉकलेट भी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क की समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी। डीएम के इस व्यवहार की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारी इसी तरह संवेदनशील रहें तो आम लोगों की दिक्कतें जल्दी दूर हो सकती हैं।
कौन हैं आईएएस अंजनी कुमार सिंह?
अंजनी कुमार सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के अनुभवी आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 1 अगस्त 1972 को हुआ था। वह इस समय लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं। इससे पहले भी वह कई अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। मंडी परिषद के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्होंने काम किया है। उन्हें शांत स्वभाव और जमीन से जुड़कर काम करने वाले अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। वह अक्सर फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं।
पीसीएस से शुरू हुआ सफर
चंदौली के रहने वाले अंजनी कुमार सिंह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उन्होंने पीसीएस अधिकारी के रूप में काम शुरू किया था। बाद में साल 2020 में उन्हें आईएएस के रूप में प्रमोट किया गया।
लखनऊ, गोरखपुर और मैनपुरी जैसे जिलों में काम करने के बाद अब वह लखीमपुर खीरी में डीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी तेज कार्यशैली और लोगों से सीधे जुड़ने का तरीका उन्हें अलग पहचान देता है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी हलचल
मानवी सिंह नाम की इस बच्ची ने वीडियो में राजकीय पॉलिटेक्निक के पास खराब सड़क और जलभराव की समस्या दिखाई थी। उसने डीएम से कहा था, “डीएम सर, आप बहुत अच्छे हैं, हमारी सड़क बनवा दीजिए।”
बच्ची ने यह भी बताया कि उसके पिता की बाइक कई बार पानी में फिसलते-फिसलते बची। बच्ची की यह बात लोगों के दिल को छू गई और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मौके पर पहुंचकर डीएम ने इलाके का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि सड़क का खड़ंजा नीचे धंस गया है, जिसकी वजह से नई कॉलोनी में पानी भर रहा है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1 से 2 दिन के अंदर जलभराव की समस्या दूर की जाए। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि मकान बनवाते समय सही तरीके से नक्शा पास करवाएं, ताकि आगे ऐसी दिक्कतें न हों।



