बॉलीवुड के महानायक Amitabh Bachchan एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार बिग बी ने ईरान में स्थित 134 साल पुराने विष्णु मंदिर का वीडियो साझा किया है, जिसे देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्ट को साल के सबसे बेहतरीन पोस्ट्स में से एक बता रहे हैं।
अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ईरान के बंदर अब्बास शहर में मौजूद प्राचीन हिंदू विष्णु मंदिर का वीडियो शेयर किया। वीडियो में मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला, खूबसूरत नक्काशी और धार्मिक महत्व को बेहद करीब से दिखाया गया है।
1892 में बना था यह ऐतिहासिक मंदिर
वीडियो साझा करते हुए बिग बी ने बताया कि यह मंदिर काजर काल में वर्ष 1892 में बनाया गया था। उन्होंने लिखा कि यह मंदिर वहां काम करने वाले भारतीय हिंदू व्यापारियों के लिए तैयार किया गया था। वीडियो में मंदिर परिसर के अंदर की बारीक कलाकारी और भगवान विष्णु से जुड़ी प्राचीन नक्काशियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
वीडियो में एक बोर्ड भी दिखाई देता है, जिस पर ‘नेशनल प्रोटेक्टेड कृष्णा मंदिर’ लिखा नजर आता है। वहीं बैकग्राउंड में बज रहा फारसी संगीत इस वीडियो को और खास बना रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ
बिग बी के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे भारत और ईरान के पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की खूबसूरत झलक बताया। एक यूजर ने लिखा, “आपने पहली बार इतनी शानदार ऐतिहासिक जानकारी साझा की है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “यह हमारी साझा विरासत की अनमोल कहानी है।”
कई यूजर्स ने अमिताभ बच्चन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के पोस्ट लोगों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगे बिग बी
वर्क फ्रंट की बात करें तो Amitabh Bachchan जल्द ही Prabhas की फिल्म Kalki 2898 AD के सीक्वल में नजर आएंगे। फिल्म में Kamal Haasan भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा निर्देशक Nitesh Tiwari की फिल्म Ramayana में उनके जटायू की भूमिका निभाने की भी चर्चा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
