Anurag Kashyap की बढ़ीं मुश्किलें, ब्राह्मण समाज पर टिप्प

Anurag Kashyap  की बढ़ीं मुश्किलें, ब्राह्मण समाज पर टिप्प


Anurag Kashyap की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सूरत की एक अदालत ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने निर्देशक को समन जारी करते हुए आने वाले दिनों में कोर्ट में पेश होने को कहा है।

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

यह मामला 19 मार्च 2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है। आरोप है कि अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुईं और कई जगहों पर विरोध शुरू हो गया।

वकील ने अदालत में दायर की थी याचिका

सूरत के वकील Kamlesh Rawal ने इस मामले में अदालत का रुख किया था। उन्होंने अनुराग कश्यप के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की थी। अदालत ने प्रस्तुत दस्तावेजों और दलीलों पर सुनवाई के बाद मामला दर्ज करने का आदेश दिया।

यूजर के जवाब में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी

याचिकाकर्ता के मुताबिक, सोशल मीडिया पर आदित्य दत्ता नाम के एक यूजर ने अनुराग कश्यप से ऐसी टिप्पणी न करने की अपील की थी। आरोप है कि इसके जवाब में निर्देशक ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और देशभर में विरोध शुरू हो गया।

माफी के बावजूद जारी रही कानूनी प्रक्रिया

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग ली थी, लेकिन मामला कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया। वकील कमलेश रावल का कहना है कि अदालत ने सभी तथ्यों और उपलब्ध सबूतों की जांच के बाद यह आदेश जारी किया है।

कोर्ट में पेश होंगे अनुराग कश्यप

बताया जा रहा है कि अदालत की ओर से अनुराग कश्यप को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के बाद कोर्ट ने समन जारी कर दिया। अब इस मामले में आगे की सुनवाई के दौरान उन्हें अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा।



Leave a Reply