Brahmaputra Mail Accident: घर वापसी बनी आखिरी यात्रा, ट्रेन में यु

Brahmaputra Mail Accident: घर वापसी बनी आखिरी यात्रा, ट्रेन में यु


 Brahmaputra Mail Accident:पटना रेलखंड पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली से कामाख्या जा रही 15657 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल में सफर कर रहे 19 वर्षीय युवक की पत्थर लगने से मौत हो गई।
यह हादसा सकलडीहा स्टेशन के पास हुआ। युवक ट्रेन के दरवाजे के पास पायदान पर खड़ा था, तभी अचानक उसके सिर में तेज रफ्तार से पत्थर आकर लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी जान नहीं बच सकी।

मजदूरी कर लौट रहा था युवक

मृतक की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है। अंकित अपने दोस्त बजरंगी बिंद के साथ दिल्ली की एक आइसक्रीम फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

दोनों दोस्त घर लौटने के लिए बुधवार रात पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार हुए थे। परिवार से मिलने की खुशी में दोनों सफर कर रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

अचानक सिर में लगा पत्थर

प्रत्यक्षदर्शियों और अंकित के साथी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान अंकित ताजी हवा लेने के लिए ट्रेन के दरवाजे के पास पायदान पर जाकर खड़ा हो गया।

जब ट्रेन सकलडीहा स्टेशन के पास पहुंची, तभी सामने वाली लाइन से दूसरी ट्रेन गुजरी। उसी समय अचानक तेज रफ्तार से एक बड़ा पत्थर अंकित के सिर में आकर लगा। पत्थर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा।

चेन पुलिंग कर रोकी गई ट्रेन

घटना के बाद साथी बजरंगी बिंद घबरा गया। उसने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद स्टेशन मास्टर राकेश कुमार को सूचना दी गई। स्टेशन प्रशासन ने बिना देर किए एंबुलेंस बुलाकर अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालांकि, हालत इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्थर कैसे लगा, जांच जारी

घटना के बाद पीडीडीयू जीआरपी के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्थर पटरी से उछलकर लगा या किसी ने जानबूझकर ट्रेन पर फेंका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिवार को सूचना मिलने के बाद घर में मातम का माहौल है। रेलवे ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान ट्रेन के दरवाजे या पायदान पर खड़े होकर यात्रा न करें।



Leave a Reply