
Bengal panihati Violence: पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार देर रात पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम से हमला कर दिया गया। इस घटना में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना आधी रात के बाद पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता इलाके के लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
बाइक सवार बदमाशों ने फेंके बम
चश्मदीदों के अनुसार बाइक पर चार लोग सवार थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर लगातार तीन बम फेंके। धमाकों की तेज आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और केंद्रीय बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही खड़दहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात को देखते हुए इलाके में केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई। पुलिस ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी तरह की नई हिंसा को रोका जा सके।
जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सुवेंदु अधिकारी ने सरकार पर साधा निशाना
इस घटना पर भाजपा नेता और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 साल से बदले की राजनीति चल रही है। उनके मुताबिक राज्य में “महा जंगलराज” जैसी स्थिति बन चुकी है।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि खड़दहा में बमबारी हुई और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई। उन्होंने कहा कि हिंसा फैलाने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।
भाजपा ने टीएमसी पर लगाए आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया है कि पानीहाटी में हुई बमबारी के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। पार्टी का कहना है कि टीएमसी से जुड़े लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया। हालांकि इस मामले पर अब तक तृणमूल कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह हमला सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ। चंद्रनाथ रथ की मध्यग्राम में घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पानीहाटी उसी इलाके से करीब सात किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
चुनाव नतीजों के बाद बढ़ी हिंसा
4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कहीं पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ हुई, तो कहीं कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। भाजपा और टीएमसी दोनों एक-दूसरे पर हिंसा फैलाने के आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।




