CM Dhami : धार्मिक आयोजन अब केवल तय स्थानों पर होंगे, हरिद्वार से सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश – Doon Horizon

CM Dhami : धार्मिक आयोजन अब केवल तय स्थानों पर होंगे, हरिद्वार से सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश – Doon Horizon


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में नवनिर्मित श्री आनंद धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 2027 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों, समान नागरिक संहिता (UCC) और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख स्पष्ट किया।

हरिद्वार, 24 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। आगामी चारधाम यात्रा और 2027 में होने वाले हरिद्वार महाकुंभ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने धर्मनगरी में नवनिर्मित श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का लोकार्पण करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए एक अहम सौगात बताया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना का प्रवेश द्वार है। यहां गंगा तट पर हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिनकी सुविधा और सेवा के लिए इस तरह की धर्मशालाओं का निर्माण एक सराहनीय कार्य है।

2027 कुंभ की तैयारियां और विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 2027 के हरिद्वार कुंभ को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तेजी से काम कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार से लेकर सड़क, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि भीड़ प्रबंधन को बेहतर किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक की तर्ज पर उत्तराखंड में भी केदारखंड और मानसखंड के प्राचीन मंदिरों का सौंदर्यीकरण युद्धस्तर पर जारी है।

कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राज्य की कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर बात करते हुए सीएम धामी ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक आयोजन केवल पहले से निर्धारित और तय स्थानों पर ही किए जाने चाहिए। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को यातायात या अन्य किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

साथ ही, उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू किए जाने को मातृशक्ति के सम्मान और समान अधिकारों की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताया।

क्षत्रीय कलौता समाज के योगदान की सराहना

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट से जुड़े क्षत्रिय कलौता समाज की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस समाज ने खेती, व्यापार और शिक्षा के साथ-साथ भारतीय सेना और केंद्रीय सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के नागरिक प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महामंडलेश्वर हरी चेतना नन्द महाराज, राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला और पूर्व विधायक विशाल पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक (देहरादून) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, और उप जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।



Leave a Reply