बदरीनाथ धाम के करीब कंचनगंगा क्षेत्र में एक बड़ा ग्लेशियर टूटकर नीचे आ गिरा। चमोली पुलिस और प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया है कि इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
चमोली, 24 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड में चमोली जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र से एक बड़ी खबर है। बदरीनाथ धाम (Badrinath Glacier Break) के करीब स्थित कंचनगंगा इलाके में एक विशाल ग्लेशियर टूटकर तेजी से नीचे आ गिरा। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन ने हालात पूरी तरह सामान्य होने की पुष्टि की है।
चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर टूटने से क्षेत्र में कोई क्षति नहीं हुई है। एसपी के मुताबिक, यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और हर साल यह ग्लेशियर धीरे-धीरे खिसकता हुआ कंचनगंगा क्षेत्र में आकर रुक जाता है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कंचनगंगा के ऊपरी हिस्से से बर्फ का बड़ा हिस्सा तेजी से नीचे की ओर खिसकता नजर आ रहा है। हिमालयी इलाकों में इन दिनों दिन के समय तेज धूप और रात में तापमान गिरने की वजह से ग्लेशियरों में दरारें आ रही हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ पिघलने और खिसकने की घटनाएं आम हो जाती हैं।
पूर्व में भी हो चुकी हैं एवलांच की घटनाएं (Badrinath Glacier Break)
हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर खिसकने का पुराना इतिहास रहा है। पिछले साल अक्टूबर 2025 में भी कंचनगंगा के पास ही इसी तरह ग्लेशियर खिसकने की घटना हुई थी, जिसमें कोई नुकसान नहीं हुआ था।
हालांकि, फरवरी 2025 में बदरीनाथ से आगे चीन सीमा से सटे माणा गांव के पास एक बड़ा हिमस्खलन हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में काम कर रहे 54 मजदूर बर्फ में दब गए थे। तब भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 46 लोगों की जान बचाई थी, जबकि 8 लोगों की मौत हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही हलचल पर पैनी नजर बनाए हुए है।
देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।
