Bada Mangal 2026:ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल आज, जानें पू

Bada Mangal 2026:ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल आज, जानें पू


Bada Mangal 2026 Puja Vidhi:ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले प्रत्येक मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है। सनातन धर्म में इस दिन का विशेष महत्व बताया गया है। मंगलवार का दिन भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी को समर्पित माना जाता है, लेकिन ज्येष्ठ माह के मंगलवार को बजरंगबली की पूजा का फल कई गुना अधिक माना जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी माह के मंगलवार को भगवान श्रीराम और हनुमान जी की पहली भेंट हुई थी। वहीं, यह भी कहा जाता है कि हनुमान जी ने ज्येष्ठ माह के मंगलवार को ही लंका दहन किया था। यही कारण है कि बड़ा मंगल हनुमान भक्तों के लिए बेहद खास माना जाता है। आज ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

बड़े मंगल पर कैसे करें पूजा?

बड़े मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करने चाहिए। इस दिन लाल या नारंगी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है।
पूजा के दौरान सबसे पहले व्रत का संकल्प लें और हनुमान जी के सामने घी या तेल का दीपक जलाएं। इसके बाद बजरंगबली को लड्डू, गुड़-चना, केला और नारियल का भोग अर्पित करें।
मान्यता है कि इस दिन हनुमान चालीसा का पाठ करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है। साथ ही बजरंग बाण और हनुमान अष्टक का पाठ भी शुभ माना गया है। पूजा के अंत में आरती करें और प्रसाद का वितरण करें।

दान-पुण्य का भी है विशेष महत्व

बड़े मंगल के दिन दान करने का भी विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन ठंडा शरबत, अन्न, धन और जरूरतमंदों को भोजन दान करना शुभ माना जाता है।
इसके अलावा बंदरों और गायों को गुड़-चना खिलाने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और संकट दूर होते हैं।
Disclaimer:इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है।news1india इसकी सत्यता और सटीकता पुष्टि नहीं करता है।



Leave a Reply