UP Weather : मई में ठंडे हुए मौसम के तेवर, पुरवा हवाओं और �

UP Weather : मई में ठंडे हुए मौसम के तेवर, पुरवा हवाओं और �


UP Weather : उत्तर प्रदेश में इस बार मई का मौसम अपने पारंपरिक तेवरों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा है। जहां आमतौर पर इस समय तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान करती है, वहीं इस बार बारिश, बादल और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 मार्च से 10 मई के बीच प्रदेश में सामान्य से 152 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं राजधानी लखनऊ में सामान्य से 348 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में इस अवधि में सामान्य तौर पर 14.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 64.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है और तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।

पुरवा हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त पुरवा हवाएं इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ और ईस्ट-वेस्ट ट्रफ की सक्रियता ने मौसम को प्रभावित किया है। इन सिस्टमों के कारण वातावरण में लगातार नमी बनी हुई है, जिससे लू जैसे हालात विकसित नहीं हो पा रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक पुरवा हवाएं पछुआ हवाओं की तुलना में अधिक ठंडी होती हैं। यही कारण है कि इस बार प्रदेश में भीषण गर्मी का असर कम देखने को मिल रहा है।

अप्रैल और मई में सामान्य से नीचे रहा तापमान

इस बार अप्रैल और मई के शुरुआती दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली। अप्रैल के पहले सप्ताह में लगातार बारिश के चलते अधिकतम तापमान गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम था।
मई के शुरुआती दस दिनों में भी तापमान सामान्य से 11.4 डिग्री कम होकर 28 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। हालांकि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी थोड़ी बढ़ी और तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा था। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम रहा।

अगले तीन दिन बादलों की आवाजाही

मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिलेगा। तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं लखनऊ में अगले तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही जारी रहने का अनुमान है।
नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में भी बुधवार को मौसम बदल सकता है। हल्की बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं। मौसम में नमी के कारण एयर क्वालिटी इंडेक्स भी संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।



Leave a Reply