
Gorakhpur Bolero accident:गोरखपुर जिले में वाराणसी हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन रिश्तेदारों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मझगांवा के पास उस समय हुआ जब बोलेरो गाड़ी के सामने अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो हाईवे पर पलट गई।
रात 11 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई। गगहा थाना क्षेत्र के कोठा गांव निवासी अनिल त्रिपाठी बोलेरो से अपने रिश्तेदारों को लेकर हरिखोरा गांव से बड़हलगंज के कोल्हुआ गांव लौट रहे थे। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर जा रहे थे।
इसी दौरान मझगांवा के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने बचाई घायलों की जान
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और किसी तरह बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
हादसे में कोल्हुआ गांव निवासी संजय तिवारी की 18 वर्षीय बेटी उन्नति तिवारी, 65 वर्षीय विजय नारायण तिवारी और गगहा के कोठा गांव निवासी 19 वर्षीय शिवम त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर तीनों को मृत घोषित कर दिया।
चार घायल, एक की हालत नाजुक
हादसे में कोल्हुआ गांव के 60 वर्षीय नर्मदा तिवारी, साधना तिवारी, 23 वर्षीय शशांक पांडेय और चालक अनिल त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
बहन की शादी के बाद लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि मृतक शिवम त्रिपाठी की बहन की शादी बुधवार को संपन्न हुई थी। शादी समारोह हरिखोरा स्थित ननिहाल में आयोजित किया गया था। रिश्तेदार उसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बोलेरो के आगे नीलगाय आने से हादसा होने की बात सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर किनारे करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।




