
Riju Dutta Apology Video: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता, जो पहले बीजेपी और शुभेंदु अधिकारी पर तीखे बयान देते नजर आते थे, अब नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी से माफी मांगते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में रिजु दत्ता कह रहे हैं कि पहले वह काफी दबाव में थे। उन्होंने यह भी कहा कि मतगणना केंद्र से निकलते समय बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया और उन्हें सुरक्षित जाने दिया। यही वजह है कि अब उनका नजरिया बदल गया है।
शुभेंदु अधिकारी पर दिया था विवादित बयान
दरअसल, कुछ समय पहले रिजु दत्ता ने बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उस बयान का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया था।
अब पश्चिम बंगाल की राजनीति में बदले हालात के बीच रिजु दत्ता अपने पुराने बयान पर पछतावा जताते दिख रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं कि उन्होंने जो कुछ भी कहा था, वह बाहरी दबाव की वजह से कहा था।
“शुभेंदु दा, मुझे माफ कर दीजिए”
वीडियो में रिजु दत्ता भावुक अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं, “शुभेंदु दा, मैं आपसे माफी मांगता हूं। मैंने जो बातें पहले कही थीं, वो दबाव में आकर कही थीं। उस समय मुझे अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता थी। इसलिए मुझे मजबूरी में ऐसा बोलना पड़ा।”
उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर में माहौल ऐसा था कि उन्हें डर के कारण कई बातें कहनी पड़ीं। अब वह खुलकर अपनी बात रख पा रहे हैं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की तारीफ की
रिजु दत्ता ने वीडियो में एक घटना का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि जब उनकी गाड़ी एक जगह से गुजर रही थी, जहां बीजेपी कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहे थे, तब उन्हें लगा था कि उन पर हमला हो सकता है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
उनके मुताबिक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा, “रिजु दा को जाने दो।” रिजु दत्ता ने यह भी दावा किया कि दिल्ली और राज्य बीजेपी के नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें या उनके परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।
वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी की तरफ से उन्हें लगातार धमकियां मिलती थीं। हालांकि इस दावे पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
“मैं सिर्फ प्रवक्ता हूं, नेता नहीं”
वीडियो के आखिर में रिजु दत्ता कहते हैं कि वह सिर्फ पार्टी के प्रवक्ता हैं, कोई बड़े नेता नहीं। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
हालांकि बीजेपी की तरफ से अब तक रिजु दत्ता की माफी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन बंगाल की राजनीति में इसे बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
Continue Reading




